Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

रुद्रपुर में प्रेस का प्लग लगाते समय करंट से छात्र की मौत

Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)। ट्रांजिट कैंप में शनिवार शाम घर में कपड़े प्रेस करने के लिए प्लग लगाते समय करंट से दसवीं के छात्र की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, राजा कॉलोनी वार्ड 10 ट्रांजिट कैंप निवासी 15 वर्षीय चेतन रस्तोगी पुत्र सत्यप्रकाश रस्तोगी एक निजी स्कूल में कक्षा दस का छात्र था। उसके पिता परिवहन निगम में संविदा परिचालक हैं। चेतन के चाचा रोहित ने बताया कि शनिवार शाम करीब 5 बजे चेतन कपड़ों में प्रेस करने के लिए प्लग लगा रहा था। इस दौरान अचानक उसे करंट लग गया। इस बीच, उसकी मां कमरे में पहुंची और किसी तरह उसे तार से अलग किया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। उसे रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चेतन का एक छोटा भाई है, जो कक्षा 4 में पढ़ता है। थाना ट्रांजिट कैंप प्रभारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि घर में करंट लगने से छात्र की मौत हुई है।