Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

महिला समेत आठ लोगों ने सोने के बिस्कुट बेचने के नाम पर 70 लाख लूटे

Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)।  एक महिला ने अपने सात अन्य साथियों के साथ षड्यंत्र रचकर सोने के बिस्कुट बेचने के नाम पर लालकुआं और हल्द्वानी निवासी दो व्यापारियों से 70 लाख रुपये लूट लिए। आरोपियों ने 27 मार्च को व्यापारियों को सितारगंज के ग्राम रसोइयापुर बुलाकर लाठी-डंडों से मारपीट कर रकम लूटी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ डकैती समेत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लालकुआं क्षेत्र के ग्राम जग्गी बंगर निवासी मोहित चौबे पुत्र पूरन चन्द्र चौबे और संदीप शर्मा पुत्र मुरारी लाल शर्मा निवासी बरेली रोड तीन पानी हल्द्वानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बबली उर्फ किरन कौर तीन माह पहले उनके सम्पर्क में आई। बबली ने दोनों को बताया कि उसे सोना मिला है, खरीद लो। उसके झांसे में आकर दोनों लोग 26 मार्च की दोपहर बबली के बताए घर ग्राम रसोइयापुर पहुंचे। वहां बबली, लखविन्दर उर्फ लक्खा निवासी ग्राम रसोइयापुर, सतनाम उर्फ पप्पू निवासी रसोइयापुर, महेन्द्र उर्फ धमेन्द्र निवासी सलमता नानकमत्ता, गुरमेल सिंह, बलवीर सिंह उर्फ वीरू, सुखविन्दर कौर तीनों निवासी कैथुलिया नानकमत्ता, राजू रस्तोगी उर्फ कृष्णा सुनार नानकमत्ता, देबू निवासी बनगांव खटीमा सहित अन्य लोग मौजूद थे। जब इन लोगों से सोने का सैंपल मांगा तो सोने का सिक्का दिखाया। वहां मौजूद राजू रस्तोगी सुनार ने सोने के सिक्के में से एक टुकड़ा काटकर चेक किया। राजू ने बताया कि यह 24 कैरेट सोना है। एक टुकड़ा सोना मोहित को दे दिया। मोहित सोने के टुकड़े को चेक कराने सुनार के पास गया तो उसने भी 24 कैरेट सोना होने की जानकारी दी। विश्वास होने पर 27 मार्च की दोपहर वे सितारगंज पहुंचे। ग्राम रसोइयापुर मोड़ पर खड़ा राजू रस्तोगी उर्फ कृष्णा अपनी गाड़ी में बैठाकर ग्राम रसोइयापुर में बबली के बताए घर पर लेकर पहुंचा। मोहित के अनुसार, उनके पास बैग में 70 लाख रुपये थे। बबली उस घर में पहले से मौजूद थी। उसने सोना लाए जाने की जानकारी दी। घर में सुखविन्दर कौर निवासी कैथुलिया, राजू रस्तोगी उर्फ कृष्णा सुनार, लखविन्दर उर्फ लक्खा भी मौजूद थे। लगभग 10-15 मिनट के बाद बिना नंबर की कार में महेन्द्र उर्फ धर्मेन्द्र, गुरमेल सिंह, बलवीर सिंह उर्फ वीरू आदि लाठी-डंडों के साथ घर में घुसे। उन्होंने उन्हें लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि लखविन्दर उर्फ लक्खा, गुरमेल सिंह, बलवीर सिंह उर्फ वीरू, महेन्द्र उर्फ धर्मेन्द्र 70 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर भाग गए। इसके बाद बबली, सुखविन्दर कौर, राजू रस्तोगी कार में बैठकर भाग गए। पुलिस ने शनिवार को तहरीर मिलने पर बबली उर्फ किरन कौर, महेंद्र उर्फ धर्मेंद्र, लखविंदर उर्फ लक्खा, सतनाम उर्फ पप्पू, गुरमेल, बलवीर सिंह उर्फ वीरू, सुखविंदर कौर, राजू रस्तोगी उर्फ कृष्णा सुनार के खिलाफ डकैती, धोखाधड़ी कर आपराधिक षड्यंत्र रचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।