Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

लापरवाही पड़ी भारी: पीएमजीएसवाई कुमाऊं के मुख्य अभियंता को मूल विभाग में किया गया वापिस

Spread the love

देहरादून। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत कार्यों में लापरवाही और उदासीनता बरतने के आरोप में कुमाऊं क्षेत्र अल्मोड़ा के मुख्य अभियंता एस.एन. सिंह को उनके मूल विभाग सिंचाई विभाग में वापस भेज दिया गया है। ग्राम्य विकास सचिव के निर्देश पर यूआरडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिमांशु खुराना द्वारा यह आदेश जारी किया गया। अग्रिम आदेशों तक ज्योलीकोट वृत्त के अधीक्षण अभियंता को अतिरिक्त रूप से कुमाऊं क्षेत्र के मुख्य अभियंता का कार्यभार सौंपा गया है।

एस.एन. सिंह पर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित न करने, पर्यवेक्षण में कमी, अधीनस्थ कर्मचारियों पर नियंत्रण के अभाव और मुआवजा वितरण में धीमी प्रगति जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन सभी कारणों के चलते यह कार्रवाई की गई। पीएमजीएसवाई के तहत कुमाऊं क्षेत्र में विभिन्न मोटर मार्गों की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

दन्या-आरा-सलपड़ मोटर मार्ग की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों पर उचित कार्रवाई न करने के मामले में अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार, प्रभारी अधिशासी अभियंता ज्ञानेश चंद्र उपाध्याय और सहायक अभियंता के.एन. सती को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसी प्रकार, “एमआरएल-18 कसियालेख-बुदिबाना-सूपी” मोटर मार्ग को लेकर आई शिकायतों के मद्देनजर अधिशासी अभियंता मीना भट्ट और सहायक अभियंता संजय तिवारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।