Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

पुलिस कर्मियों पर हमले के विरोध में उक्रांद का प्रदर्शन

1001600623

देहरादून(आरएनएस)। उत्तराखंड क्रांति दल ने हर्रावाला में पुलिस कर्मियों पर हमले के विरोध में शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया। दल ने कहा कि प्रदेश में पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या होगा। उक्रांद ने जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष बिजेंदर रावत ने कहा कि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और आम जनता के बीच पुलिस की साख गिरती जा रही है। राज्य बनने से पूर्व उत्तराखंड में अपराध नहीं के बराबर था, लेकिन अब अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हर्रावाला चौकी में पुलिस कर्मियों के ऊपर हमला दर्शाता है, कि अपराधी बेखौफ हैं। राज्य बनने के बाद उत्तराखंड में बाहरी लोगों का बड़े पैमाने में आगमन हुआ है, इन लोगों में कुछ आपराधिक तत्व शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से बचने के लिए प्रदेश में बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जाना चाहिए। माफियाओं, नशे का धंधा करने वाले लोगों को पकड़ा जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस से अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मौके पर केंद्रीय महामंत्री किरन रावत, समीर मुंडेपी, देवचंद उत्तराखंडी ,उत्तम रावत , अशोक नेगी, प्रभात डंडारियल, जितेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।