Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

रिश्वत लेते पकड़ा गया तहसील का नाजिर, विजिलेंस ने किया गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून। विजिलेंस टीम ने मंगलवार को टिहरी जिले की धनौल्टी तहसील, जौनपुर में तैनात नाजिर वीरेंद्र सिंह कंडारी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एक पीड़ित की शिकायत पर की गई, जिसमें आरोपी पर दाखिल खारिज की प्रक्रिया के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था।

विजिलेंस के निदेशक वी. मुरूगेशन के अनुसार, ग्राम धनौल्टी, तहसील जौनपुर निवासी एक व्यक्ति ने 31 जनवरी को अपनी पत्नी के नाम पर लगभग 1500 वर्ग मीटर भूमि खरीदी थी। इस सौदे के बाद खतौनी में नाम दर्ज कराने के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन किया गया, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। जब आवेदक ने तहसील के नाजिर वीरेंद्र सिंह कंडारी से संपर्क किया, तो उसने दस्तावेज़ी प्रक्रिया पूरी करने के लिए 15 हजार रुपये की मांग की।

शिकायत मिलने पर विजिलेंस ने तत्काल एक ट्रैप टीम गठित की और तय योजना के अनुसार मंगलवार को आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए धर दबोचा। इसके बाद विजिलेंस की टीम ने आरोपी के आवास पर छापेमारी भी की।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। विजिलेंस निदेशक ने इस सफल कार्रवाई के लिए ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।