Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

मछली मार रहे ग्रामीणों पर फायरिंग, छर्रे लगने से छह घायल

रुद्रपुर(आरएनएस)।   ग्रामसभा गोठा बनकुइयां में रविवार दोपहर खेतों के आसपास मछली मार रहे ग्रामीणों पर हथियारबंद लोगों ने फायरिंग कर दी। इसमें छह ग्रामीण छर्रे लगने से घायल हो गए। घायलों को उप जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार देने के बाद एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। वहीं ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। रविवार दोपहर ग्रामसभा गोठा बनकुइयां में बैगुल नदी के निकट खेतों के आसपास कई ग्रामीण जाल लगाकर मछली मार रहे थे। अचानक सात-आठ लोग मौके पर पहुंचे। कहासुनी के बाद हथियाबंद लोगों ने फायर झोंक दिए। ग्रामीणों के अनुसार, दो हथियारबंद लोगों ने चार फायर झोंके। इसमें छह लोगों को छर्रे लगे। घायलों को उप जिला चिकित्सालय लाया गया। इसमें आजाद कुमार पुत्र सीताराम, अजय कुमार पुत्र दर्शनानंद, रेशम सिंह पुत्र खजान सिंह, ब्रजेश कुमार पुत्र गुजेश्वर, रेशम सिंह पुत्र खजान सिंह, बृजेश कुमार पुत्र बृजेश्वर प्रसाद, राजेश कुमार पुत्र ददीबल, संजय पुत्र राम अवतार निवासी ग्रामसभा बनकुइयां गोठा शामिल हैं। अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ़ कुलदीप यादव ने बताया कि छर्रे रगड़ खाकर निकल गए। कुछ छर्रे लगे दिख रहे हैं। सभी छह घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया है। वहीं ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने एक आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य फरार हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि चार लोग हथियाबंद थे, जिनमें दो ने फायर झोंके। घटना की सूचना मिलते ही किसान नेता योगेंद्र सिंह यादव, सतेंद्र कुमार समेत ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। एसएसआई विक्रम सिंह धामी ने बताया कि मछली मारने गए लोगों पर एयर गन से हमला किए जाने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ितों की ओर से तहरीर मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।