Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

पर्यावरण मित्रों के अपमान के आरोपों का सफाई कर्मचारी संघ ने किया खंडन

Spread the love


अल्मोड़ा। देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ ने भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक के बयान को लेकर सामने आए विवाद पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। संघ के प्रदेश महामंत्री राजपाल पवार ने कहा है कि बुधवार को भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक द्वारा की गई प्रेस वार्ता में पर्यावरण मित्रों के अपमान से जुड़ा कोई भी बयान नहीं दिया गया था। इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर पर्यावरण मित्रों को मोहरा बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। राजपाल पवार ने कहा कि आधी-अधूरी जानकारी के आधार पर कुछ राजनीतिक दलों के लोगों द्वारा पार्षद अनूप भारती के माध्यम से यह प्रचारित किया गया कि पर्यावरण मित्रों का अपमान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चूंकि पर्यावरण मित्र और पार्षद अनूप भारती दोनों बाल्मीकि समाज से हैं, इसलिए उनके बीच भ्रम पैदा कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की गई। प्रदेश महामंत्री ने स्पष्ट किया कि 17 दिसंबर को पूर्व राज्य दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने मीडिया के सामने रैलापाली और सरकार की आली को जोड़ते हुए विकास भवन तक लिंक रोड मोटर मार्ग की स्वीकृति और निर्माण को लेकर बयान दिए थे। इस दौरान उनकी ओर से विधायक और पूर्व पालिकाध्यक्ष को लेकर राजनीतिक टिप्पणी अवश्य की गई होगी, लेकिन पर्यावरण मित्रों के खिलाफ किसी भी तरह की अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि नगर को कूड़े का ढेर कहने का आशय पर्यावरण मित्रों से नहीं, बल्कि डंपिंग जोन और कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था न होने की स्थिति से था। पर्याप्त व्यवस्था के अभाव में नगर में कूड़े की समस्या बढ़ रही है, इसी संदर्भ में यह बात कही गई थी। देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ ने पर्यावरण मित्रों के अपमान से जुड़े समाचारों का पूर्ण रूप से खंडन किया है। संघ ने यह भी चेतावनी दी है कि भविष्य में कोई भी राजनीतिक दल अपने निजी स्वार्थों के लिए पर्यावरण मित्रों को राजनीति में घसीटने का प्रयास न करे। संघ ने मीडिया से भी अपील की है कि तथ्यात्मक स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही समाचार प्रकाशित किए जाएं।