Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

विमलकोट भगवती मंदिर में नववर्ष मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Spread the love


अल्मोड़ा। नव वर्ष के अवसर पर प्रसिद्ध शक्तिपीठ विमलकोट भगवती मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य मेले का आयोजन किया गया। वर्ष के पहले दिन मां भगवती के दर्शन और आशीर्वाद के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा क्षेत्र ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजता रहा। मेले का मुख्य आकर्षण कुमाऊंनी लोक संस्कृति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। लोक गायक चंद्र प्रकाश, राकेश पनेरू, बलवीर राणा, प्रियंका चम्याल, रोशन बनोला और धीरज पांडे ने भजनों और लोक गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोक गीतों की धुन पर महिलाओं ने पारंपरिक झोड़ा-चांचरी नृत्य कर अपनी सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। देर शाम तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक मनोज तिवारी ने सपरिवार मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने मां भगवती से क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और श्रद्धालुओं को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। मेले के दौरान भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर देर शाम तक प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। मंदिर कमेटी के प्रबंधक दरवान सिंह रावत ने बताया कि यह मेला क्षेत्र के लोगों के लिए केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि एक बड़ा सांस्कृतिक मिलन समारोह भी बन चुका है। नव वर्ष की शुरुआत धार्मिक आस्था और सनातन परंपराओं के साथ करने का यह आयोजन लोगों को सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करता है।