Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

उदय शंकर नाट्य अकादमी में लोक कलाकारों के हुए ऑडिशन

Spread the love


अल्मोड़ा। पंडित गोविंद बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय के तत्वावधान में एकल लोक गायकों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों को संस्कृति विभाग में सूचीबद्ध करने के उद्देश्य से उदय शंकर नाट्य अकादमी में लोक कलाकारों के ऑडिशन आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने प्रतिभाग किया और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ जनपद की लोक संस्कृति को नई पहचान देने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कलाकारों से निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी कला को और निखारने का आह्वान किया। दो दिवसीय ऑडिशन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों और सांस्कृतिक दलों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक गीत, लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन किया। राजकीय संग्रहालय के निदेशक चंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोक कलाकारों को पहचान दिलाना और संस्कृति विभाग के माध्यम से उन्हें उपयुक्त मंच उपलब्ध कराना है, जिससे क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उदय शंकर नाट्य अकादमी अल्मोड़ा जनपद की एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक संस्था है। इसके प्रभावी उपयोग के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि यहां नियमित रूप से सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों का आयोजन हो सके और अधिक से अधिक लोग इससे लाभान्वित हों। चंद्र सिंह चौहान ने बताया कि सोमवार को प्रथम दिवस के ऑडिशन में पंजीकृत 119 में से 65 एकल लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। शेष एकल कलाकारों के साथ ही 17 लोक सांस्कृतिक दलों का ऑडिशन 6 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। ऑडिशन प्रक्रिया का मूल्यांकन पांच सदस्यीय विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा किया जा रहा है, जिसमें सॉन्ग एंड ड्रामा डिवीजन, भातखंडे संगीत महाविद्यालय सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हैं। चयनित कलाकारों और सांस्कृतिक दलों का पंजीकरण संस्कृति विभाग, उत्तराखंड के अंतर्गत किया जाएगा, जिससे उन्हें भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर प्रस्तुति के अवसर मिल सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान निर्णायक मंडल के सदस्य, संस्कृति विभाग के कार्मिक और बड़ी संख्या में लोक कलाकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *