Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में यूकेडी का सदस्यता अभियान जारी

Spread the love


अल्मोड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल अल्मोड़ा की ओर से सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में सदस्यता अभियान बुधवार को भी जारी रहा। कटारमल और कैरोली क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। संगठन के अनुसार यह अभियान 19 जनवरी से लगातार चलाया जा रहा है, जिसमें अब तक दर्जनों लोग यूकेडी से जुड़ चुके हैं। कार्यक्रम में युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय संगठन मंत्री नरेंद्र बिष्ट ने पहाड़ में युवाओं के रोजगार को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में सरकारों ने पहाड़ की जवानी और पहाड़ के पानी का नारा तो दिया, लेकिन स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के बजाय दूसरे राज्यों के युवाओं को अवसर दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में रोजगार के बजाय नशे की प्रवृत्ति बढ़ाने वाले हालात बनाए गए हैं, जिससे युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है और वे बड़ी संख्या में यूकेडी से जुड़ रहे हैं। महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष दीपा जोशी ने कहा कि शराब की बढ़ती समस्या से प्रदेश के अधिकांश परिवार परेशान हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए बाहर निकलने वाली महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करतीं, जो गंभीर चिंता का विषय है। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष गणेश मसूनी ने ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि पहले गांवों में खेती के जरिए लोगों को रोजगार मिलता था, लेकिन बंदरों और जंगली सूअरों से खेती प्रभावित हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि बाघ और भालू की बढ़ती गतिविधियों से गांवों में दहशत है, जबकि सरकार की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उनके अनुसार इन परिस्थितियों के कारण कई गांव खाली हो चुके हैं और भू-माफिया गतिविधियां बढ़ रही हैं। सदस्यता अभियान में युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रघुवर सिंह भाकुनी, दीपक सिंह, त्रिलोक सिंह, पवन जाम्याल, चंदन सिंह बिष्ट, किरन मेहरा, ज्योति आर्या, पुष्कर कुमार, पान सिंह, मुकेश सिंह और सूरज आर्य सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *