Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अपर पुलिस अधीक्षक ने किया पुलिस लाइन का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण

1001600623


अल्मोड़ा। अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबंस सिंह ने पुलिस लाइन अल्मोड़ा का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। बुधवार को निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं, संसाधनों और जवानों की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण की शुरुआत क्वार्टर गार्ड से हुई, जहां उपस्थित जवानों ने सलामी दी। बेहतर टर्नआउट और साज-सज्जा के लिए क्वार्टर गार्ड में तैनात जवानों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया। इसके बाद जवानों से शस्त्रों की हैंडलिंग, खोलने-जोड़ने का अभ्यास कराया गया तथा शस्त्रों से संबंधित जानकारी ली गई। शस्त्रागार में राजकीय संपत्ति सूची के अनुसार उपलब्ध सभी हथियारों और एम्युनिशन का भी निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जीडी और गणना कार्यालय, कैश कार्यालय, यातायात कार्यालय, मनोरंजन कक्ष, परिवहन शाखा, उपलब्ध वाहनों, स्टोर प्रथम एवं द्वितीय, व्यायामशाला, भोजनालय, राशन शॉप, सीपीसी कैंटीन, कर्मचारी बैरक और पुलिस लाइन परिसर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। संबंधित शाखा प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही आवासीय परिसर का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त आवासों की समयबद्ध मरम्मत के निर्देश प्रतिसार निरीक्षक को दिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रतिसार निरीक्षक को जवानों की क्रमबद्ध ड्यूटी लगाए जाने के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने जवानों को गार्ड, वीआईपी, संस्थान सुरक्षा, एस्कॉर्ट और मुल्जिम ड्यूटियों का निर्वहन सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र, लाइन मेजर सहित विभिन्न शाखाओं के प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।