नैनीताल।
आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को भूमि संरक्षण वन प्रभाग नैनीताल के अंतर्गत रामगढ़ रेंज की सलड़ी वन पंचायत में प्रभाग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी भूमि संरक्षण वन प्रभाग नैनीताल हेम चन्द्र गहतोड़ी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी नीतिश तिवारी, सलड़ी वन पंचायत के सरपंच दीप चन्द बेलवाल, सचिव मनीष पाण्डे, ग्राम प्रधान खरोला पाण्डे, क्षेत्र पंचायत सदस्य सलड़ी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा आगामी वनाग्नि काल को ध्यान में रखते हुए वनाग्नि से होने वाले नुकसान, उसके कारणों तथा रोकथाम के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने ग्रामीणों से वनाग्नि की घटनाओं को रोकने हेतु जनसहभागिता और विभाग को समय पर सूचना देकर सहयोग करने का आग्रह किया।
ग्रामीणों ने वन विभाग को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए वनाग्नि रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई। इसके साथ ही बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष के विषय पर भी चर्चा की गई, जिसमें ग्रामीणों को इससे संबंधित जानकारी दी गई। ग्रामीणों द्वारा अपने अनुभव साझा किए गए तथा समस्या के समाधान हेतु उपयोगी सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने मिलकर वन संरक्षण, सुरक्षा एवं आपसी समन्वय से कार्य करने का संकल्प लिया।




