Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

सड़क पर चैंबर बनाने को लेकर विवाद, युवक का सिर फोड़ा

1001600623

देहरादून(आरएनएस)। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के राजीव नगर में गली में चैंबर बनाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विरोध करने पर पड़ोसियों ने एक परिवार के घर में घुसकर हमला कर दिया। धारदार हथियार से वार कर युवक का सिर फोड़ दिया गया। जबकि उसके बुजुर्ग पिता और अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ नेहरू कॉलोनी संजीत कुमार ने बताया कि राजीव नगर डांडा निवासी शुभम गुप्ता ने तहरीर दी। बताया कि उनका मकान तंग गली में है। बीते एक जनवरी की सुबह उनके पड़ोसी महेंद्र यादव घर के पास एक ऊंचा चैंबर बना रहे थे। आवागमन में दिक्कत का हवाला देकर जब शुभम ने चैंबर को अंडरग्राउंड बनाने का निवेदन किया तो आरोपी भड़क गए। आरोप है कि महेंद्र यादव, उनकी पत्नी रेखा, पुत्र सोनू व गोलू और भतीजे राहुल यादव ने एक राय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। जान बचाने के लिए जब वे घर में भागे तो आरोपियों ने घर में घुसकर हमला बोल दिया। हमले में शुभम के सिर में गंभीर चोटें आईं। जिसमें चार टांके लगे हैं। उनके पिता भरत कुमार गुप्ता और भाई-भाभी से भी मारपीट की गई। एसओ संजीत कुमार ने बताया कि पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।