Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

नगर निगम की भूमि पर बनी पार्किंग का संचालन अधिकार निगम को मिले: तारा चंद्र जोशी

Spread the love

अल्मोड़ा। नगर कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने नगर निगम की भूमि पर नवनिर्मित पार्किंग के संचालन को लेकर जिला विकास प्राधिकरण की भूमिका पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि नगर निगम अल्मोड़ा की जमीन पर बनी पार्किंग का संचालन और उससे संबंधित निविदा निकालने का अधिकार नगर निगम का ही होना चाहिए। किसी अन्य विभाग या प्राधिकरण द्वारा टेंडर प्रक्रिया अपनाना नगर निगम के वैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है। तारा चंद्र जोशी ने कहा कि पार्किंग निर्माण के लिए धन मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत आवंटित किया गया था और कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल निगम रही है। ऐसे में जिला विकास प्राधिकरण का पार्किंग संचालन से कोई अधिकार नहीं बनता। नियमों के अनुसार कार्य पूर्ण होने के बाद पार्किंग को नगर निगम को हस्तांतरित किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से नगर निगम की आय पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। निगम पहले से ही सीमित संसाधनों के बीच कर्मचारियों के वेतन और अन्य दायित्वों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहा है। इससे पूर्व नक्शा पास करने का अधिकार छीने जाने से निगम को हर वर्ष लाखों रुपये की हानि हो रही है और अब पार्किंग की निविदा बाहर किए जाने से आर्थिक नुकसान और बढ़ेगा। तारा चंद्र जोशी ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की भूमि पर निर्मित किसी भी परिसंपत्ति का स्वामित्व और संचालन का अधिकार नगर निगम को ही होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इस विषय पर न्यायसंगत निर्णय नहीं लिया गया तो कांग्रेस जनहित में इसका विरोध करेगी।