Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

आंचल डेयरी में दुग्ध प्रसंस्करण की वैज्ञानिक प्रक्रिया को एमबीबीएस छात्रों ने समझा

Spread the love


अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च के एमबीबीएस बैच 2023 के विद्यार्थियों को सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से शैक्षणिक भ्रमण के तहत अल्मोड़ा स्थित आंचल डेयरी का भ्रमण कराया गया। इस शैक्षणिक गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को दूध के संग्रह, गुणवत्ता मूल्यांकन और प्रसंस्करण की वैज्ञानिक प्रक्रिया से व्यावहारिक रूप से परिचित कराना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को डेयरी में दूध की गुणवत्ता जांच, फैट और एसएनएफ परीक्षण, पाश्चुरीकरण, होमोजेनाइजेशन, पैकेजिंग तथा सुरक्षित भंडारण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही दुग्ध उत्पादों में स्वच्छता, गुणवत्ता नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा मानकों के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों ने डेयरी की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखा और प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। यह भ्रमण छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक रहा, जिससे उन्हें पोषण, खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े व्यावहारिक पक्षों को समझने में मदद मिली। संस्थान के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ मैदानी स्तर का व्यावहारिक अनुभव भी मिल सके।