Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

जीआरपी के हर थाने की हेल्पडेस्क में महिलाकर्मी की तैनाती होगी

1001600623

हरिद्वार। जीआरपी के हर थाने की महिला हेल्पडेस्क पर 24 घंटे कम से कम एक महिलाकर्मी की तैनाती अनिवार्य होगी। मंगलवार को मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी-जीआरपी अरुणा भारती ने महिला अपराधों की त्वरित सुनवाई और कार्रवाई के लिए यह निर्देश दिए। जीआरपी सभागार में इस गोष्ठी की शुरुआत पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल ओपिन कुमार को जनवरी में सराहनीय कार्य के लिए ‘एम्प्लॉई ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड देकर हुई। इसके बाद एसपी-जीआरपी ने सभी थाना प्रभारियों को सचेत ऐप के अधिक से अधिक प्रचार, कार्मिकों का मासिक सम्मेलन कराकर उनकी समस्याओं का समाधान और ऑपरेशन-स्माइल में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एनडीपीएस मामलों में नई गाइडलाइन के अनुसार कार्रवाई, जब्त वाहनों की नीलामी प्रक्रिया और वर्ष 2025 की लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। रेलवे स्टेशनों पर जहरखुरानी, टिकट धोखाधड़ी और मोबाइल चोरी की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा। हेल्पलाइन नंबर 112, 139 और 1930 के प्रचार-प्रसार, ट्रेनों में एस्कॉर्ट ड्यूटी और सुनसान रेलवे ट्रैकों पर नियमित पेट्रोलिंग के निर्देश दिए। सभी थाना प्रभारियों को लंबित अभियोगों का त्वरित निस्तारण, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।