Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

पूर्व विधायक के होटल का मैनेजर तीन लाख नकद और सोने की अंगूठी लेकर फरार

Spread the love

हरिद्वार(आरएनएस)। सिडकुल थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक सुरेश राठौर के स्वामित्व वाले होटल का मैनेजर तीन लाख रुपये नकद और सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गया। आरोप है कि फोन पर संपर्क करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवालिक नगर स्थित टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी सोमिल चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके ससुर सुरेश राठौर के होटल रानीपुर राजवाड़ा में देवेश शर्मा को मैनेजर नियुक्त किया गया था। शुरुआत में उसने कार्यकुशलता और ईमानदारी दिखाकर मालिक का भरोसा जीत लिया। इसी भरोसे के चलते होटल के बैंक खाते की जानकारी, चेकबुक और डेबिट कार्ड जैसी जिम्मेदारियां भी उसे सौंप दी गईं। आरोप है कि कुछ समय बाद देवेश ने कर्मचारियों का वेतन देना बंद कर दिया और पिछले तीन महीनों से होटल स्टाफ को भुगतान नहीं हुआ। इसी दौरान वह करीब तीन लाख रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी लेकर बिना सूचना होटल छोड़कर फरार हो गया। बताया गया है कि वह हाल के दिनों में हरिपुर कलां क्षेत्र में रह रहा था। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कियिा है। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में कार्रवाई की जा रही है।