Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

गन्ने का ओवरलोड ट्रक पलटने से बाइक सवार दो युवक घायल

Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)। बिजटी चौक पर ओवरलोड गन्ने का ट्रक पलट गया। गन्ने के नीचे बाइक सवार दो युवकों के दबे होने की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस प्रशासन और क्षेत्र के लोगों की मदद से दोनों युवकों को बाहर निकालकर घायलावस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे खटीमा मार्ग की ओर से गन्ने का एक ओवरलोड ट्रक बिजटी चौक की ओर आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजटी चौक से पहले ट्रक का पीछे का एक टायर फट गया, लेकिन चालक ट्रक को चलाता रहा। अत्यधिक लोड होने के कारण बीच चौराहे पर दूसरा टायर भी फटने से ट्रक अंसतुलित होकर बिजटी मार्ग की ओर जाकर पलट गया। इससे गन्ना सड़क पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों को ट्रक और गन्ने के नीचे वाहनों के दबने की आशंका हुई। सूचना मिलते ही कोतवाल सुंदरम शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान जेसीबी मशीनों और क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने गन्ना हटाना शुरू किया। इस दौरान हाइड्रा क्रेन से ट्रक को हटाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गन्ने के नीचे दबे दो युवकों को घायलावस्था में बाहर निकाला। पालिकाध्यक्ष सुखेदव सिंह, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल समेत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी बचाव में जुटे रहे। बताया जा रहा है कि बाइक सवार छिटक कर गन्ने के नीचे दब गए, जबकि बाइक ट्रक के नीचे दब गई। घायलों की पहचान 18 वर्षीय मो. हसन पुत्र फरुद्दीन और 18 वर्षीय मतीन पुत्र अनीस खान निवासी बघौरी के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों घायलों को सितारगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।