Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

ठेकेदार का जेब से गिरा फोन, अज्ञात ने सात लाख निकाले

Spread the love

हल्द्वानी(आरएनएस)। हल्द्वानी में भवन निर्माण के ठेकेदार का मोबाइल फोन कहीं गिर गया। फोन तो मिला नहीं, ठेकेदार के खाते से सात लाख की रकम जरूर उड़ गई। ठेकेदार ने पुलिस को शिकायत दी मगर कार्रवाई नहीं हुई। अगर समय रहते पीड़ित की पुलिस सुन लेती तो उसके लाखों रुपये बच जाते। काठगोदाम स्थित चौफुला निवासी ठेकेदार राजेंद्र कुमार ने बताया कि छह फरवरी को चौफुला में ही कहीं उनका मोबाइल फोन गिर गया था। काफी दूर पहुंचने के बाद जब उन्होंने अपनी जेब देखी तो उन्हें मोबाइल गायब मिला। खोजबीन की तो कोई सुराग नहीं लगा। जिसके बाद पुलिस को काठगोदाम पुलिस को शिकायती पत्र दिया। लेकिन पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा और कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। ठेकेदार का कहना है कि वह कोई भी ऑनलाइन बैकिंग का उपयोग नहीं करते। लेकिन उनके फोन में आधार, पैन कार्ड, पासबुक व खाते की जानकारी सभी चीजें थी। आशंका जताई जा रही है कि फोन से छेड़खानी करके ठेकेदार के साथ जालसाजी की गई है। ठेकेदार ने अब साइबर सेल में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। प्रभारी साइबर सेल गणेश मनोला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।