Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

तारा बाबा महाराज की यात्रा का संतों ने किया स्वागत

Spread the love

हरिद्वार(आरएनएस)। सिरसा हरियाणा के पूर्व विधायक गोपाल कांडा के संयोजन में सिरसा से हरिद्वार पहुंची तारा बाबा महाराज की यात्रा का श्रवणनाथ नगर स्थित तारकेश्वर धाम में संतों ने स्वागत किया। गौ गंगा धाम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी निर्मल दास के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मदन कौशिक और अनेक संत-महात्मा मौजूद रहे। इस दौरान गोपाल कांडा ने तारा बाबा घाट पर गंगा पूजन और आरती कर संतों का आशीर्वाद लिया। महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि मानव कल्याण के लिए जीवन समर्पित करने वाले तारा बाबा महाराज सिद्ध महापुरुष थे। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को गुरुजनों का सम्मान करते हुए उनकी शिक्षाओं का पालन करना चाहिए। धार्मिक यात्राएं और अनुष्ठान समाज में शांति, सद्भाव और प्रगति का वातावरण बनाते हैं। पूर्व विधायक गोपाल कांडा ने कहा कि संत महापुरुष उनके लिए पूज्यनीय हैं। संतों के सानिध्य में जीवन का कल्याण संभव है। तारा बाबा महाराज ने लोक कल्याण का संदेश दिया। उनकी शिक्षाओं का प्रचार-प्रसार करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। विधायक मदन कौशिक ने कहा कि गुरु परमात्मा का स्वरूप है। त्याग, तपस्या और सेवा की प्रतिमूर्ति तारा बाबा महाराज की शिक्षाएं समाज के लिए धरोहर हैं। इनका अनुसरण कर जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। स्वामी निर्मल दास महाराज ने कहा कि सिद्ध साधक तारा बाबा महाराज सभी के लिए पूज्यनीय हैं। उनके स्मरण मात्र से कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। इस अवसर पर स्वामी रविदेव शास्त्री, महंत हनुमान दास, स्वामी हरिहरानंद, स्वामी श्रवण मुनि, गोपाल मुनि, स्वामी राम गिरी, पूर्व राज्यमंत्री सुशील चौहान, पार्षद दीपक शर्मा, राजकुमार आदि श्रद्धालु और संतजन उपस्थित रहे।