अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में होली का रंग चढ़ने लगा है। मां नंदा सर्वदलीय महिला समिति की ओर से मंगलवार को नंदादेवी मंदिर परिसर में खड़ी होली का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने पारंपरिक होली गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं ने नंदादेवी मंदिर की परिक्रमा के साथ की। इसके बाद नगर के विभिन्न मोहल्लों से आई महिला होली टीमों ने पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति दी। गजानन शंभू के नंदन तेरी जय हो और होली की आई बहार फागुन महीने में जैसे गीतों के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा। महिलाओं ने सिद्धि को दाता विघ्न विनाशक, होली खेले गिरजापति नंदन, शिव के मन माही बसे काशी, जल कैसे भरूं जमुना गहरी, जोगी आयो शहर में व्यापारी और नैनवा रस के भरे जैसे गीतों पर भी प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान भक्ति और श्रृंगार रस से सराबोर होली गायन के साथ रंग-गुलाल का आदान-प्रदान भी किया गया। कार्यक्रम में महिला होल्यारों ने विभिन्न स्वांग प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन भी किया। आयोजन में समिति की अध्यक्ष मीना भैसोड़ा, सचिव गीता मेहरा, उपाध्यक्ष भगवती बिष्ट, बिमला बोरा, लक्की वर्मा, गीता आर्या, किरण साह, माया वर्मा, प्रेमा बिष्ट, मोहनी कनवाल, गीता पांडे, दीपा भंडारी, हरिता नेगी, गीता बिष्ट, निर्मला जोशी, राधा राजपूत, राजेश्वरी चम्याल, ज्योति रावत और हेमा जोशी सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।
अल्मोड़ा में खड़ी होली की धूम, महिलाओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां





