Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

डायट परिसर में बन रही आधुनिक क्रिकेट पिच का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

Spread the love


अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने डायट परिसर स्थित खेल मैदान में बन रही आधुनिक क्रिकेट पिच के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मैदान को सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप में विकसित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि खेल मैदान को इस प्रकार विकसित किया जाए कि जिले के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए शेड और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खेल क्षेत्र की सुरक्षा के दृष्टिगत मैदान में चैन लिंक फेंसिंग कराने को भी कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि मैदान में उच्च तकनीक से क्रिकेट की आधुनिक पिच तैयार की जा रही है, जिससे खिलाड़ियों को पेशेवर स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा मैदान के समतलीकरण, ड्रेनेज व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने मैदान के नियमित रखरखाव के लिए घास काटने की मशीन और रोलर की व्यवस्था करने को भी कहा, ताकि मैदान का रखरखाव व्यवस्थित ढंग से किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपलब्ध भूमि का अधिकतम उपयोग करते हुए मैदान को सुव्यवस्थित रूप से विकसित किया जाए और सभी कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि मैदान में आधुनिक पिच तैयार होने से जिले के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच मिलेगा और जिले में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।