अल्मोड़ा। जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने गैस एजेंसियों के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के कारण गैस एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध होने के बावजूद ऑनलाइन बुकिंग, आईवीआरएस और ओटीपी के माध्यम से गैस प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इसके कारण उपभोक्ताओं को गैस लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है और एजेंसियों पर भीड़ की स्थिति बन रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या एप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे संबंधित गैस एजेंसी में जाकर केवल बुकिंग करा सकेंगे। बुकिंग दर्ज होने के बाद उपभोक्ताओं को उनके निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट से ही गैस रिफिल सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे बुकिंग के आधार पर संबंधित उपभोक्ताओं को उनके डिलीवरी प्वाइंट पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न हो और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे। बिना बुकिंग के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। इसी क्रम में अल्मोड़ा गैस सर्विस और धारानौला गैस सर्विस ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस वितरण का रूट प्लान भी जारी किया है। अल्मोड़ा गैस सर्विस के अनुसार 15 मार्च को शिखर तिराहा, 17 मार्च को पोस्ट ऑफिस, 18 मार्च को बेस, 19 मार्च को जाखन देवी और एनटीडी, 20 मार्च को पाण्डेखोला और कर्नाटक खोला, 21 मार्च को एडम्स स्कूल तथा 22 मार्च को पुनः शिखर तिराहा में गैस वितरण किया जाएगा। वहीं धारानौला गैस सर्विस के अनुसार 15 मार्च को चितई और पेटशाल, 16 मार्च को बाड़ेछीना, 17 मार्च को दुगालखोला, 18 मार्च को धारानौला, 19 मार्च को चीनाखान, मकेड़ी और गोलना करड़िया, 20 मार्च को ऑफिसर्स कॉलोनी, बाड़ी बगीचा और पवार मार्केट तथा 21 मार्च को लमगड़ा क्षेत्र में गैस वितरण किया जाएगा।
डिलीवरी प्वाइंट से ही मिलेगा गैस रिफिल सिलेंडर



