Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अनुबंधित रोडवेज बस के बोनट में लगी आग, सवारियों को उतारा

रुद्रपुर(आरएनएस)।   हल्द्वानी से बरेली जा रही रुहेलखंड डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस के बोनट में मंगलवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। बस में सवार 16 यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की टीम ने मिलकर आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, अनुबंधित रोडवेज बस हल्द्वानी से सवारियां लेकर बरेली जा रही थी। दोपहर के समय थाना पुलभट्टा क्षेत्र में एनएच-74 पर सूरजमल यूनिवर्सिटी के सामने बस से हल्के धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इस पर चालक मोहित ने बस को सड़क किनारे रोककर टायरों की जांच की। जांच के दौरान उसे बस के बोनट के पास से धुआं निकलता दिखाई दिया और देखते ही देखते वहां आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी और बस में बैठी 16 सवारियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और सामूहिक प्रयास से आग बुझाने में जुट गए। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। चालक मोहित ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी आने के कारण यात्रियों को अन्य माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।