Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अवैध खनन प्रकरण में इकबालपुर पुलिस चौकी का पूरा स्टाफ निलंबित

Spread the love

देहरादून। राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध खनन से जुड़े मामले में हरिद्वार जिले की इकबालपुर पुलिस चौकी का पूरा स्टाफ निलंबित कर दिया गया है। एक ऑडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इकबालपुर क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने चौकी प्रभारी समेत पूरी चौकी के छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की विस्तृत जांच एसपी देहात को सौंपी गई है।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान (चौकी प्रभारी इकबालपुर), हेड कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा, हेड कांस्टेबल हरेंद्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल देवेश सिंह और कांस्टेबल प्रदीप शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में अवैध खनन, भ्रष्टाचार या किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, यदि वही अपने कर्तव्यों में लापरवाही या अनुचित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।