Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

धामी मंत्रिमंडल का विस्तार, पांच नए मंत्रियों ने ली शपथ

Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार में लंबे समय से प्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार शुक्रवार को संपन्न हो गया। इस विस्तार के तहत धामी कैबिनेट में पांच नए चेहरों को शामिल किया गया, जिससे सरकार को राजनीतिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सीएम धामी की उपस्थिति में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने नव नियुक्त मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में सरकार के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नेताओं में राजपुर से विधायक खजान दास, रुद्रप्रयाग क्षेत्र से भरत चौधरी, हरिद्वार से मदन कौशिक, रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा तथा कुमाऊं क्षेत्र से राम सिंह कैड़ा शामिल हैं।

इस विस्तार के साथ ही राज्य में लंबे समय से खाली चल रहे मंत्रियों के सभी पद भर दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इससे सरकार के कार्यों में तेजी आएगी और विभिन्न क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व मिलने से विकास कार्यों को गति मिलेगी।

शपथ ग्रहण के दौरान भारत सिंह चौधरी ने संस्कृत भाषा में शपथ ली, जबकि अन्य मंत्रियों ने हिंदी में शपथ ग्रहण की। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह विस्तार संगठन और सरकार के बीच संतुलन साधने के साथ-साथ क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखकर किया गया है।