Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

स्कूल में पुलिस की जागरूकता पाठशाला, छात्र-छात्राओं को दी जानकारी

Spread the love


अल्मोड़ा। जनपद में चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत पुलिस ने स्प्रिंगडेल्स स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में कोतवाली अल्मोड़ा की टीम ने भाग लिया। कार्यक्रम में एसएसआई रमेश बोरा ने विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी। इस दौरान भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख बिंदुओं से भी अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए इससे दूर रहने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 और मानस हेल्पलाइन 1933 की जानकारी देते हुए आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या परिजनों से संपर्क करने की सलाह दी गई। एसएसआई रमेश बोरा ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए जिम्मेदार और सजग नागरिक बनने का संदेश दिया।