Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

रेड क्रॉस ने नर्सिंग संस्थान में सीपीआर व आपदा सहायता का दिया प्रशिक्षण

Spread the love


अल्मोड़ा। मां अंबे इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस में रेड क्रॉस समिति की ओर से व्याख्यान और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और सामाजिक सेवा से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान की प्रबंधक चंपा कनवाल ने संस्थान की गतिविधियों और नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देकर की। इसके बाद रेड क्रॉस से जुड़े वक्ताओं ने विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डॉ. जे सी दुर्गापाल ने रेड क्रॉस के इतिहास, उद्देश्य और कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए युद्ध और शांति के समय किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन ऑवर’ के महत्व और गर्मियों में आंखों से संबंधित समस्याओं से बचाव के उपाय भी बताए। जिला चेयरपर्सन आशीष वर्मा ने सीपीआर की प्रक्रिया को समझाते हुए छात्र-छात्राओं को डमी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया और बताया कि आपात स्थिति में किस प्रकार मानसिक संतुलन बनाए रखते हुए मरीज की सहायता की जाती है। रेड क्रॉस सदस्य हरीश कनवाल ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी और रक्तदान के महत्व पर जोर देते हुए युवाओं से नियमित रक्तदान करने की अपील की। वहीं अनूप साह ने डिजिटल बैंकिंग और साइबर धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करते हुए फिशिंग, सिम स्वैपिंग और क्यूआर कोड से जुड़े फ्रॉड से बचने के उपाय बताए। कार्यक्रम में रेडक्रॉस पदाधिकारियों सहित संस्थान के प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *