Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

ड्रिंक एंड ड्राइव और ओवर स्पीड पर विशेष अभियान, एक्शन में पुलिस

Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)। ऊधमसिंह नगर जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ट्रैफिक ने सख्त निर्देश दिए हैं। इसमें ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवर स्पीड और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। एसपी क्राइम और ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी के निर्देशन में जिले की पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक कर सड़क सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही कार्रवाई में कमी पाए जाने पर जवाबदेही तय होगी। अभियान के तहत विशेष चेकिंग कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों की एल्कोमीटर से जांच की जाएगी। वहीं ओवर स्पीड पर नियंत्रण के लिए कस्बों और गांवों के प्रवेश मार्गों पर जिगजैग बैरिकेटिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं। दोपहिया वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए बाइक ट्रिपलिंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और नियमों के विरुद्ध वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गलत दिशा और खतरनाक ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स का चिह्नीकरण कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सुधार कार्य किए जाएंगे। पुलिस अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर अभियान की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।