Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

मस्जिद व मजार हटाने के नोटिस पर ग्रामीणों ने किया विरोध

रुद्रपुर(आरएनएस)। गदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मजरा ठंडा नाला कूपा गूलरभोज के ग्रामीणों ने धार्मिक स्थल हटाने के नोटिस के विरोध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सिंचाई खंड से जारी नोटिस को न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध बताते हुए उसे निरस्त करने या पर्याप्त समय देने की मांग की। भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष मो. दीन एस. टोनी पठान के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में बताया गया कि गांव में स्थित एक मस्जिद और दो मजारों को 16 अप्रैल को लगभग 12:50 बजे नोटिस चस्पा कर अवैध अतिक्रमण बताते हुए 17 अप्रैल तक हटाने को कहा गया है। साथ ही, भूमि संबंधी दस्तावेज या न्यायालय का कोई स्थगन आदेश होने पर 18 अप्रैल से पहले प्रस्तुत करने को कहा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि नोटिस पर जारी करने की तिथि 15 अप्रैल अंकित है, जबकि इसे 16 अप्रैल को चस्पा किया गया और केवल एक दिन का समय दिया गया, जो अनुचित है। उन्होंने बताया कि इस मामले से संबंधित एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, जिसमें कोर्ट ने यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद इतनी कम अवधि में कार्रवाई का नोटिस देना न्यायोचित नहीं है। कम से कम 15 दिन का समय प्रदान किया जाए। यहां मो. युसुफ अली, हसन, शेदूदीन, मासूक अली, इस्पाक, अल्ताफ, दिलशाद, लियाकत आदि शामिल रहे।