Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

नौ लाख रुपये की घूस में बैंक मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)। 1.80 करोड़ रुपये का लोन पास करने के एवज में नौ लाख रुपये रिश्वत मांगने के मामले में सीबीआई देहरादून शाखा ने इंदिरानगर स्थित बैंक के ब्रांच मैनेजर और दो डायरेक्ट सेलिंग एजेंटों (डीएसए) को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। सीबीआई के अनुसार बुधवार देर शाम एक एजेंट नरेंद्र आर्य को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया, जिसके बाद ब्रांच मैनेजर प्रेम रंजन और दूसरे डीएसए नीरज राय को भी मामले में संलिप्तता के आधार पर गिरफ्तार किया गया। सीबीआई के मुताबिक क्लेमनटाउन निवासी आशीष बंबा ने प्रॉपर्टी पर 1.80 करोड़ रुपये के लोन (होम लोन ट्रांसफर व टॉपअप) के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि ब्रांच मैनेजर प्रेम रंजन और तीन डीएसए नरेंद्र, नीरज व अशरफ ने लोन स्वीकृत व जारी करने के बदले पांच प्रतिशत कमीशन (नौ लाख रुपये) की रिश्वत मांगी। आरोपी पहले ही शिकायतकर्ता से 2.50 लाख रुपये नकद वसूल चुके थे और शेष 6.50 लाख रुपये के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। आरोपियों के निर्देश पर शिकायतकर्ता ने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक दिए और शेष 50 हजार रुपये नकद देने की बात कही। इसी 50 हजार रुपये की नकद राशि को लेते समय सीबीआई ने जाल बिछाकर नरेंद्र आर्य को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीमों ने तीनों आरोपियों के घरों पर छापेमारी की। जहां से कई महत्वपूर्ण और आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी जब्त की गई है। तीनों आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से इन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं चौथे आरोपी अशरफ की भूमिका सहित अन्य पहलुओं पर सीबीआई की जांच जारी है।