Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

बड़ा हादसा टला..  ऑल इंडिया टूर पर निकले छात्रों की बस में लगी आग

1001600623

सभी 40 छात्रों का सफल रेस्क्यू, हरिद्वार से देहरादून स्थित एफआरआई देखने जा रहे थे छात्र

देहरादून(आरएनएस)।  राजधानी देहरादून के आईएसबीटी के निकट शिमला बाई पास रोड, सेंट जूड चौक के पास गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तमिलनाडु से ऑल इंडिया टूर पर आए 40 छात्र उस वक्त खतरे के साये में आ गए, जब उनकी चलती बस से अचानक धुआं उठने लगा। मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिस कर्मियों और कुछ अन्य लोगों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से सभी छात्रों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल की गाड़ी ने मौके पर आकर आग पर काबू पा लिया।

हरिद्वार से एफआरआई जा रहे थे छात्र:   बस में तमिलनाडु के लगभग 40 छात्र सवार थे। ये छात्र ऑल इंडिया टूर पर निकले थे। सुबह यह दल हरिद्वार से निकलकर देहरादून स्थित एफआरआई देखने जा रहा था। जैसे ही बस सेंट जूड चौक के समीप पहुंची, इंजन के पास से अचानक घना धुआं निकलने लगा। बस में धुआं घुसते ही छात्रों के बीच चीख-पुकार मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्राइवर ने बस को साइड में लगाया, तभी ट्रैफिक पुलिस के कर्मी वहां पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया। बस के दरवाजों और खिड़कियों की मदद से एक-एक कर सभी 40 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित नीचे उतारा। गनीमत रही कि आग विकराल रूप लेती, उससे पहले ही सभी को बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी भी छात्र को चोट नहीं आई है।