Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

सीएलजी बैठक में किरायेदार सत्यापन, नशा उन्मूलन और साइबर अपराध पर दी जानकारी

अल्मोड़ा। थाना लमगड़ा में बुधवार को सीएलजी सदस्यों के साथ बैठक आयोजित कर पुलिस ने किरायेदार सत्यापन, नशा उन्मूलन और साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर लोगों को जागरूक किया। थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने थाना परिसर में आयोजित बैठक में कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और घरेलू नौकरों का पुलिस सत्यापन कराना आवश्यक है। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए समाज से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की। साथ ही किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा। बैठक में साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने सलाह दी कि अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें और अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या एटीएम पिन किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में सूचना देने की अपील की गई। पुलिस ने सीएलजी सदस्यों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, आपसी सहयोग बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का अनुरोध किया। साथ ही मानस हेल्पलाइन 1933, डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई।