Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू: मुख्यमंत्री धामी

बेटी की शादी में मिलेगा 50 हजार का सहयोग, मुकदमे भी होंगे वापस

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आश्वस्त किया है कि उपनल के माध्यम से विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को शीघ्र शुरू किया जाएगा। इस संबंध में नियमावली तैयार कर जल्द ही लागू की जाएगी। शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में उपनल कर्मचारी महासंघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में उन्होंने यह घोषणा की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार एक ठोस और प्रभावी नीति के तहत उपनल कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से नियमित करने की दिशा में काम करेगी। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया कि विभिन्न आंदोलनों के दौरान उपनल कर्मियों पर दर्ज मुकदमों की भी समीक्षा कर उन्हें वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

मुख्यमंत्री की अनुमति से समारोह में मौजूद सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उपनल कर्मचारियों के हित में एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब किसी भी उपनल कर्मचारी की बेटी की शादी में उपनल की ओर से 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा, पहले उपनल कर्मचारियों के निधन पर परिजनों को दी जाने वाली 15 हजार रुपये की सहायता राशि को बढ़ाकर अब 1.5 लाख रुपये कर दिया गया है।

गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उपनल कर्मचारियों के पक्ष में सरकार हर संभव निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि जब कप्तान अच्छा होता है तो पूरी टीम बेहतर प्रदर्शन करती है और सरकार ने उपनल कर्मियों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लेकर इस विश्वास को मजबूत किया है।

समारोह में उपनल कर्मचारियों ने वर्षों से लंबित अपनी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने पर मुख्यमंत्री और सैनिक कल्याण मंत्री के प्रति आभार जताते हुए उनका सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने भी इस सम्मान को राज्य की जनता की सेवा का प्रतिफल बताया और कहा कि सरकार का हर कदम जनता के विश्वास की मजबूती के लिए है।