Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कांग्रेस संगठन विस्तार पर मंथन, अंकिता प्रकरण पर बनेगी रणनीति

1001600623

देहरादून (आरएनएस)। उत्तराखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन के भीतर लंबे समय से चली आ रही खींचतान के बीच प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा का गुरुवार को देहरादून दौरा खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रभारी बनने के बाद प्रदेश में उनकी सक्रियता को लेकर उठते सवालों के बीच शैलजा यहां पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की अहम बैठक लेंगी।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बहुप्रतीक्षित गठन को लेकर चर्चा होने के साथ ही अंकिता भंडारी प्रकरण जैसे ज्वलंत मुद्दों पर भी सियासी मंथन किया जाएगा। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, संगठन की नई टीम के गठन का मामला काफी समय से लंबित है, जिसे लेकर इस बैठक में ठोस निर्णय लिए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा अंकिता भंडारी मामले में सीबीआई जांच की मांग और प्रदेश सरकार की घेराबंदी को लेकर आगे की रणनीति भी तय की जाएगी।

प्रदेश के बदलते राजनीतिक हालात को देखते हुए कुमारी शैलजा के इस दौरे को कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा भरने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। विशेष बात यह है कि बैठक संपन्न होने के बाद वह पहली बार मीडिया से रूबरू होकर पार्टी का पक्ष भी रखेंगी। इससे संगठन और जनमानस के बीच पार्टी की स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी नेतृत्व की ओर से दिग्गज नेताओं की एकजुटता का संदेश देने की कोशिश भी की जा रही है।

कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक असमंजस और राजनीतिक मुद्दों पर स्पष्ट दिशा के अभाव को लेकर उठ रहे सवालों के बीच यह बैठक और प्रभारी का दौरा अहम माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संगठन विस्तार और ज्वलंत मुद्दों पर कांग्रेस प्रभारी क्या ठोस रोडमैप सामने रखती हैं।