अल्मोड़ा। मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा स्थित बेस चिकित्सालय में मरीजों के साथ आए तीमारदारों के लिए मूलभूत सुविधाओं के अभाव का मामला सामने आया है। अस्पताल में तीमारदारों को रात में जमीन पर सोने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिस पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। बताया गया कि विगत रात नगर क्षेत्र के पार्षद अमित साह मोनू, अर्जुन सिंह बिष्ट, अभिषेक जोशी और रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि कई मरीजों के तीमारदार वार्डों के बाहर और गलियारों में जमीन पर सोने को मजबूर हैं। अस्पताल में उनके बैठने या सोने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं पाई गई। जनप्रतिनिधियों ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग अपने मरीजों के साथ कई दिनों तक अस्पताल में रहते हैं, लेकिन उनके लिए बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अस्पतालों में व्यवस्थाएं बेहतर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन मेडिकल कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के कारण मरीजों के परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तीमारदारों के लिए कम से कम बैठने और सोने की व्यवस्था होना जरूरी है। जब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक सामाजिक स्तर पर ही मदद करनी पड़ेगी। इसी क्रम में पार्षदों और रेडक्रॉस के प्रदेश उपाध्यक्ष ने अपने स्तर पर मरीजों के तीमारदारों के लिए एक दर्जन गद्दे खरीदकर अस्पताल को उपलब्ध कराए। गद्दे मिलने के बाद तीमारदारों ने राहत जताते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल प्रशासन से तीमारदारों के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो इस मुद्दे को और मजबूती से उठाया जाएगा। मौके पर रेडक्रॉस के प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट, पार्षद अभिषेक जोशी, कृष्ण बहादुर सिंह, सरपंच अशोक सिंह, भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष त्रिलोक राम, नगर अध्यक्ष भाजपा अनुसूचित मोर्चा सुधीर कुमार, ललित खोलिया और अभय बोरा मौजूद रहे।
बेस चिकित्सालय में तीमारदारों की मूलभूत सुविधाओं के अभाव के लिए पार्षदों, रेडक्रॉस ने जताई नाराजगी




