Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 2.35 लाख ठगे

1001600623

रुद्रपुर(आरएनएस)। रुद्रपुर निवासी एक व्यक्ति से क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 2.35 लाख रुपये की ठगी कर ली। तहरीर पर थाना पंतनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शक्ति विहार कॉलोनी जगतपुरा, रुद्रपुर निवासी खुमान लाल भटपुरिया ने बताया कि 22 जनवरी की शाम उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने की बात कही। इसके बाद ठग ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक एपीके फाइल भेजी, जिसे खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। आरोप है कि इसके बाद ठग व्हाट्सएप कॉल पर लगातार उन्हें बातों में उलझाए रहा और इसी दौरान उनके क्रेडिट कार्ड व बैंक खाते से रुपये कटते रहे। जब उनके बेटे ने उनकी पत्नी के फोन पर कॉल कर पूरे मामले की जानकारी ली, तब ठगी का शक हुआ। बेटे की सलाह पर उन्होंने तत्काल कॉल बंद कर कस्टमर केयर से संपर्क किया। जांच में सामने आया कि उनके क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 20 हजार 259 रुपये और बैंक खाते से 15 हजार 48 रुपये निकाल लिए गए थे। थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल नंबर, एपीके फाइल और ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।