अल्मोड़ा।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुँजवाल ने कहा की 8-10 सालों से प्रदेश के किसानों की निजी भूमि जो मोटरमार्गों के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई ने अधिगृहित की थी उस भूमि के मुआवजे का भुगतान आज तक नहीं हो पाया है। जिस कारण एसे छोटे गरीब किसान बहुत परेशान हैं। उन्होंने राज्य सरकार व विभागों पर आरोप लगाते हुए कहा कि सडकों के निर्माण के लिए अधिगृहित की गई जमीन का मुआवजा जानबूझ कर रोका गया है, जबकि पीएमजीएसवाई की स्वीकृत सड़कों व राज्य सरकार की स्वीकृत सड़कों के लिए अधिगृहित की गई जमीन का पैसा टेंडर लगने से पहले विभागों को प्राप्त हो जाता है। कुँजवाल ने यह भी चिंता व्यक्त की है कि आज अगर तुरंत भी विभाग मुआवजे का भुगतान करता है तो 10 वर्ष पूर्व के रेट पर भुगतान करेगा। इन 10 वर्षों में जमीन का सर्किल रेट कई बार बढ़ाया जा चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा है कि सरकार विभागों को सख्त निर्देश देकर मुआवजे का भुगतान तत्काल प्रारम्भ करे, अन्यथा लोगों को सड़कों में उतर कर जन आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ेगा।





