Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

धौलादेवी और जागेश्वर ब्लॉकों में कांग्रेस की मासिक बैठक आयोजित

1001600623

अल्मोड़ा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धौलादेवी और जागेश्वर की मासिक बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती और आगामी पंचायत चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रभारी व जिला कांग्रेस महामंत्री दीवान सतवाल ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन सर्वोपरि है और इसकी नींव को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि ब्लॉक अध्यक्षों को प्रत्येक माह अपनी कार्यकारिणी और मंडलम अध्यक्षों के साथ अनिवार्य रूप से बैठकें करनी होंगी, जिनकी समीक्षा जिला कांग्रेस की मासिक बैठक में जिलाध्यक्ष द्वारा की जाएगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए ब्लॉक पदाधिकारी गांव-गांव जाकर कांग्रेस की विचारधारा को आम जन तक पहुंचाएंगे। साथ ही, भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के समक्ष उजागर किया जाएगा। बैठक में जागेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष बिशन सिंह बिष्ट, धोलादेवी ब्लॉक अध्यक्ष अंकुर कांडपाल, लक्ष्मण सिंह, गणेश बिष्ट, जगदीश चंद पांडे, कैलाश चंद्र आर्य, प्रकाश सिंह बिष्ट, रवि राजू, नाथ गोधन राम, गोकुल कोहली, महेश कांडपाल, संतोष तमता, भोपाल प्रसाद समेत दर्जनों कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।