अल्मोड़ा। शिक्षक दिवस (पांच सितंबर) के सुअवसर पर अल्मोड़ा केजीआईसी स्यालीधार में प्रवक्ता जीव विज्ञान के पद पर कार्यरत डॉ प्रभाकर जोशी को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों हेतु प्रदेश के प्रतिष्ठित “शैलेश मटियानी शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार 2022-23” से सम्मानित किया जाएगा। राजभवन में आयोजित होने जा रहे सम्मान समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) डॉ जोशी को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ० धन सिंह रावत भी मौजूद रहेंगे। विद्यार्थियों के बीच बेहद लोकप्रिय डॉ प्रभाकर जोशी को विगत वर्ष राज्य में शैक्षिक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। डॉ जोशी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2020 में उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तथा नवाचारी शिक्षा में अभिनव प्रयोगों हेतु जाने जाते हैं। मूल रूप से ग्राम चौड़ा (सोमेश्वर) के स्थाई निवासी डॉo जोशी वर्तमान में अल्मोड़ा नगर के रानीधारा मोहल्ले में रहते हैं। डॉ जोशी विगत कई वर्षों से विभिन्न छात्र केंद्रित वैज्ञानिक शैक्षिक गतिविधियों में स्वयं व विद्यार्थियों सहित कई राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्तराखण्ड राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। विगत कई वर्षों से लगातार शत प्रतिशत रिजल्ट दे रहे डॉ जोशी के कई छात्र छात्राओं ने मेडिकल एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है। राष्ट्रीय आईसीटी अवार्ड 2015, 2017 व 2020 में एनसीईआरटी में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
शिक्षक दिवस पर डॉ प्रभाकर जोशी शैलेश मटियानी शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार से होंगे सम्मानित
