Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

हल्दापानी भूस्खलन क्षेत्र के सुधारीकरण कार्य का किया स्थलीय निरीक्षण

चमोली(आरएनएस)।   जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने शुक्रवार को गोपेश्वर के हल्दापानी भूस्खलन क्षेत्र के सुधारीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी ली।
गोपेश्वर के हल्दापानी में हुए भूस्खलन की रोकथाम के लिए राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि से  80 करोड़ 61 लाख 60 हजार की धनराशि से सुधारीकरण कार्य किया गया है। जिसका जिलाधिकारी के साथ ही निर्माण कार्य पूर्णता के निरीक्षण के लिए बनाई गई समिति के सदस्यों अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी चमोली, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता उत्तराखंड पेयजल निगम और आपदा प्रबंधन अधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने समिति के तकनीकी विशेषज्ञों से निर्माण कार्य की जांच कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने उप जिलाधिकारी को स्थानीय लोगों का फीड बैक लेने के भी निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद नेगी ने कहा कि भूस्खलन क्षेत्र का सुधारीकरण कार्य 80 करोड़ 61 लाख 60 हजार की लागत से किया गया है। उन्होंने बताया कि सुधारीकरण कार्य के बाद क्षेत्र में हो रहे भूधंसाव की स्थिति को देखने के लिए क्रैकोमीटर लगाए गए थे। जो मानसून के सीजन के बाद भी सुरक्षित हैं। साथ ही सुधारीकरण कार्य से क्षतिग्रस्त हुए चमोली-गोपेश्वर मार्ग व नालियों के सुधारीकरण के लिए लोनिवि एनएच को 12 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिससे शीघ्र ही सुधारीकरण कार्य से क्षतिग्रस्त सड़क व नालियों का सुधारीकरण कार्य भी किया जाएगा।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।