Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

मल्ला महल में होली महोत्सव का शुभारंभ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

1001600623


अल्मोड़ा। मल्ला महल परिसर में महिला कल्याण संस्था अल्मोड़ा की ओर से आयोजित दो दिवसीय होली महोत्सव का बुधवार को शुभारंभ हुआ। 36वें आयोजन के पहले दिन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। महोत्सव के तहत आयोजित होली गायन, वादन, नृत्य और स्वांग प्रतियोगिता में स्थानीय महिला समूहों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। त्रिपुरा सुंदरी महिला समिति, देवी मंदिर खत्याड़ी, कोकिला महिला सांस्कृतिक समिति मालगांव, मां जगदंबा टीम धारानौला, कुमाऊंनी सांस्कृतिक टीम स्यूनरा कोट, मां दुर्गा समिति दुगालखोला, मां दुर्गा शक्ति टीम लक्ष्मी इंद्रा कॉलोनी, महिला शक्ति ग्रुप हीर स्टेडियम, आंचल देवी न्यू कॉलोनी, नीलकंठ सत्संग समिति, दीपालय समूह और दुगालखोला की टीमों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने होली गीतों, नृत्य और वादन के साथ हास्य-व्यंग्य और शिक्षाप्रद स्वांग प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। महिला कल्याण संस्था पिछले 36 वर्षों से इस आयोजन का निरंतर आयोजन करती आ रही है, जिसमें कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से महिला समूह प्रतिभाग करते हैं। आयोजन को सफल बनाने में संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल, मीता उपाध्याय, पुष्पा सती, ममता चौहान, अनीता रावत, चंद्रा अग्रवाल, आशा पंत, दीपा, गीता साह, राधिका जोशी, रमा जोशी और सतीश जोशी का सहयोग रहा। कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में नैनीताल से रंगकर्मी बृजमोहन जोशी, अल्मोड़ा से चंचल तिवारी, डॉक्टर ललित मोहन जोशी और नवीन बिष्ट शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन मीता उपाध्याय और पुष्पा सती ने किया।