देहरादून(आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा की ओर से वक्फ कानून पर अपने पार्टी मुख्यालय में कार्यशाला आयोजित करने को जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया है। उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि देश व राज्य की जनता की समस्याओं के समाधान में विफल भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारों ने जनता को बरगलाने के नए-नए तरीके ढूंढ लिए हैं। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में धस्माना ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है और बेरोजगार नौजवान सरकार के प्रति आक्रोशित हो रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई से आम आदमी परेशान है। तेल, घी, मसाले, अनाज, सब्जियां सबके दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन जनता को राहत देने के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकारें कुछ नहीं कर पा रही हैं।
धस्माना ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों पर भी सरकार जनता को इस बात का कोई उत्तर आज तक नहीं दे पाई है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें न्यूनतम स्तर पर पहुंचने के बाद भी जनता को डीजल पेट्रोल महंगा क्यों मिल रहा है। धस्माना ने कहा कि आज ही टाइम्स मैगजीन में दुनिया के सबसे शक्तिशाली सौ लोगों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नदारद हैं। ऐसा पिछले दस वर्षों में पहली बार हुआ है, जिससे उनका दुनिया में डंका बज रहा है वाला जुमला भी फेल हो गया है। ऐसे में डबल इंजन सरकारों की गिरती साख बचाने के लिए वक्फ कानून का शोर मचा कर लोगों का ध्यान भटकाने की योजना पर भाजपा कम कर रही है।
जनता की समस्याओं पर उदासीन सरकार ध्यान भटकाने में मशगूल
