Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

जनता मिलन कार्यक्रम में सीडीओ ने सुनी जन समस्याएं, 30 शिकायतों का निस्तारण

1001600623

नई टिहरी(आरएनएस)। सीडीओ डा. अभिषेक त्रिपाठी ने सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रम के तहत आम लोगों की समस्याओं को सुना और मौके पर ही 30 शिकायतों का निस्तारण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों का समाधान तय समय सीमा के भीतर करें और कामों में गति लाएं। जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। सुमनगांव वाण्डाचक जौनपुर के सामाजिक कार्यकर्ता रतनमणि भट्ट ने थत्यूड़-मराड़ मोटर मार्ग की मरम्मत की मांग की और इस सम्बन्ध में आन्दोलनकारी होने की जांच की मांग भी की। वहीं, ग्राम पंचायत भेडियाना पट्टी छैजुल जौनपुर के प्रशासक ने ग्राम स्वराज पोर्टल पर चेकर एवं मेकर की डीएससी अपलोड न होने की समस्या उठाई, जिससे पिछले कार्यों का भुगतान और बाकी कार्यों को करवाने में दिक्कतें आ रही थीं। देवप्रयाग विधायक विनोद कण्डारी ने ग्राम पंचायत त्यालनी की पेयजल पाइप लाइन की मरम्मत के लिए जिला योजना से कार्य कराने की मांग की। ग्राम पाटा की रेशमा देवी ने फरवरी माह में आई भारी बारिश से अपने आवास के क्षतिग्रस्त होने का मामला उठाया और मुआवजे की मांग की। सीडीओ डा. त्रिपाठी ने बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। एडीएम एके पाण्डेय ने कहा कि फरियादियों को बार-बार अपनी समस्याओं के लिए आने की जरूरत नहीं होनी चाहिए, इसलिये कार्यों को इस प्रकार किया जाए कि समस्या का ठोस समाधान हो। सीडीओ ने बैठक में जिले और राज्य सेक्टर में वित्तीय वर्ष के व्यय की समीक्षा की और सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों तथा समाचार पत्रों में प्रकाशित नकारात्मक समाचारों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष के अंत को देखते हुए सभी विभागों को अपने कार्यों में तेजी लानी होगी। इस अवसर पर एडीएम एके पाण्डेय, पीडी डीआरडीए पीएस चौहान, डीडीओ मोहम्मद असलम, सीएमओ डा. श्याम विजय सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।