Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कोसी नदी में डूबा पंजाब का युवक, दोस्तों संग घूमने आया था अल्मोड़ा

अल्मोड़ा। महतगांव के पास कोसी नदी में नहाते समय डूबे युवक का शव पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त कार्रवाई में बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान मनीष कुमार (33) के रूप में हुई है, जो शक्ति नगर, मोहाली (पंजाब) का रहने वाला था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीष कुमार अपने सात दोस्तों के साथ निजी वाहन से अल्मोड़ा घूमने आया था। वह पेशे से वीडियोग्राफर और वीडियो एडिटर था। शनिवार को सभी लोग महतगांव के पास कोसी नदी में नहा रहे थे, तभी मनीष अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना मिलते ही थाना सोमेश्वर से एएसआई रमेश टम्टा पुलिस टीम और 112 सेवा के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से प्रारंभिक रेस्क्यू किया गया और मनीष को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से बेस अस्पताल अल्मोड़ा भेजा गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला नियंत्रण कक्ष से एसडीआरएफ टीम को सूचना दी गई। निरीक्षक अर्जुन सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और कोसी नदी में सघन सर्च अभियान चलाया। मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद कर पुलिस को सौंपा गया। इस हादसे के बाद मृतक के साथ आए दोस्तों में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।