Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

महिला थाना टीम ने अल्मोड़ा नगर में चलाया जन जागरुकता अभियान

1001600623

अल्मोड़ा। जनपद में नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से महिला थाना अल्मोड़ा की टीम ने नगर क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर यह अभियान जनपद के सभी थाना क्षेत्रों, नगरों, कस्बों, विद्यालयों और ग्रामीण इलाकों में संचालित किया जा रहा है। अभियान का नेतृत्व महिला थाना अल्मोड़ा की थानाध्यक्ष निरीक्षक जानकी भंडारी ने किया। उनके साथ महिला कांस्टेबल इंदिरा भट्ट और द्रौपदी सुयाल मौजूद रहीं। अभियान के दौरान टीम ने नगर क्षेत्र के एनटीडी इलाके में भ्रमण कर आमजन को ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की। पंपलेट वितरित कर लोगों से नशे के खिलाफ मोर्चा लेने का आग्रह किया गया। अभियान के अंतर्गत लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि कैसे कस्टमर केयर फ्रॉड, गूगल फ्रॉड, एनीडेस्क, क्यूआर कोड स्कैन फ्रॉड, जॉब फ्रॉड, ओएलएक्स फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी, डिजीटल अरेस्ट फ्रॉड, केवाईसी अपडेट धोखाधड़ी, ऑनलाइन लोन फ्रॉड और साइबर बुलिंग जैसी घटनाएं लोगों को आर्थिक और मानसिक नुकसान पहुंचा रही हैं। इनसे सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल पर जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। साथ ही नागरिकों को यातायात नियमों, डायल 112, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, महिला और बाल अपराध से संबंधित कानूनों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी आपात या संदिग्ध स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लें।