Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

मेयर के समाधान के आश्वासन के बाद पार्षदों ने किया धरना स्थगित

1001600623

अल्मोड़ा। नगर निगम में आयुक्त की नियुक्ति और बंदरों को पकड़ने की व्यवस्था शुरू करने की मांग को लेकर पार्षदों का आंदोलन गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। नगर निगम परिसर में चल रहे धरने में गुरुवार को मेयर भी पहुँचे और दोनों प्रमुख मांगों पर पार्षदों को लिखित आश्वासन सौंपा। आयुक्त की नियुक्ति को लेकर पार्षदों की पहली मांग पर जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश का हवाला दिया गया है, जिसके अनुसार मुख्य विकास अधिकारी को प्रतिदिन प्रातः 10 से दोपहर 12 बजे तक नगर निगम में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एक माह के भीतर नगर आयुक्त की नियमित नियुक्ति पूरी करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। दूसरी मांग बंदर पकड़ने की व्यवस्था से संबंधित थी। नगर निगम ने बताया कि 1 दिसंबर को बंदर पकड़ने को लेकर कोटेशन जारी कर दिया गया है और इस माह के अंत तक पकड़ने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। लिखित आश्वासन मिलने के बाद पार्षदों ने कहा कि उन्होंने धरना समाप्त नहीं किया है केवल स्थगित किया है। उनका कहना है कि यदि निर्धारित समयसीमा में दोनों मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो इस बार जनता को साथ लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। यहाँ धरने में पार्षद प्रदीप चंद्र आर्य, कुलदीप मेर, वैभव पांडे, चंचल दुर्गापाल, मधु बिष्ट, गुंजन सिंह चम्याल, दीपक कुमार, हेमचंद तिवारी, जानकी पांडे, अनूप भारती, नवीन चंद्र आर्य, राधा मटियानी, तुलसी देवी, मुकेश कुमार डैनी, भूपेंद्र जोशी, रीना टम्टा, इंतिक्वाब आलम कुरैशी, गीता बिष्ट, कमला किरौला और रोहित कार्की सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे।