Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

मेडिकल स्टोर से नशे की दवाओं का जखीरा बरामद, संचालक गिरफ्तार

रुद्रपुर(आरएनएस)।   गदरपुर में एसटीएफ और पुलिस ने मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे नशे की दवाइयों का भंडाफोड़ कर मेडिकल संचालक को गिरफ्तार किया है। टीम ने मेडिकल स्टोर से 9416 प्रतिबंधित कैप्सूल, 1300 टैबलेट और 51 कफ सिरप बरामद की है। मंगलवार को खुलासा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि सोमवार को निरीक्षक एसटीएफ विकास चौधरी के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर निधि शर्मा और पुलिस के साथ गदरपुर के कुमार मेडिकल हॉल पर छापा मारा। मेडिकल के खिलाफ लगातार टीम को शिकायत मिल रही थी। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर से 9416 डाइसाइक्लोमाइन एचसीआई, ट्रामाडोल एचसीआई एवं एसिटामिनोफेन जैसे प्रतिबंधित कैप्सूल, 1300 अल्प्राज़ोलम 0.5 मिलीग्राम टैबलेट और 51 बोतल कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडाइन हाइड्रोक्लोराइड कफ सिरप बरामद हुए। मेडिकल स्टोर स्वामी राजकुमार पुत्र बनवारी लाल निवासी वार्ड एक गदरपुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ थाना गदरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी ने बताया कि मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध रूप से नशे की दवाओं का कारोबार संचालित किया जा रहा था। मेडिकल स्टोर स्वामी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।