देहरादून(आरएनएस)। अंत्योदय परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर योजना का बजट जारी न होने पर खाद्य मंत्री रेखा आर्या ने कड़ी नाराजगी जताई। सोमवार को विधानसभा स्थित सभागार में विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए आर्या ने अधिकारियों को तत्काल इस बाबत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। रोजमर्रा की आवश्यकता की वस्तुओं की राशन किट का प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा है। यह किट उपभोक्ताओं को रियायती मूल्य पर उपलब्ध कराने की योजना है। बैठक के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत में आर्या ने कहा कि राज्य में 1.84 लाख परिवार को साल में तीन-तीन गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जाते हैं। इस अब तक इसका बजट जारी नहीं हो पाया है। यह गंभीर विषय है। अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कैबिनेट प्रस्ताव बनाने को कहा गया है। केंद्र सरकार की डोर स्टेप डिलीवरी में राज्य में केवल पिथौरागढ में कुछ क्षेत्र में प्रक्रिया लंबित है। बाकी राज्य में 99 प्रतिशत तक काम हो रहा है। पिथौरागढ़ में भी सितंबर अंत तक डोर स्टेप डिलीवरी को पूरी तरह से लागू करने को कहा गया है। एक अक्टूबर से शुरू होने जा रही धान खरीद प्रक्रिया के लिए नियमावली को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जल्द ही नियमावली को कैबिनेट में लाया जाएगा। बैठक में प्रमुख सचिव- खाद्य एल फनई, खाद्य आयुक्त हरिचन्द सेमवाल, अपर आयुक्त पी.एस. पांगती, डॉ. एमएस बिसेन, डीआरएमओ चंद्रमोहन घिल्डियाल आदि मौजूद रहे।
मुफ्त सिलेंडर योजना का बजट जारी न होने पर मंत्री नाराज





