अल्मोड़ा। भारत रत्न, स्वतंत्रता सेनानी और प्रख्यात जननायक पंडित गोविन्द बल्लभ पंत का 138वां जन्मदिवस 10 सितंबर को जिले में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि पंत का विराट व्यक्तित्व और देश के लिए उनका योगदान अल्मोड़ा के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जन्मदिवस के आयोजन को ऐतिहासिक और प्रेरणादायी बनाने में कोई कमी न छोड़ी जाए। उन्होंने बच्चों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि नई पीढ़ी पंत के जीवन और उनके योगदान के बारे में जानने के लिए प्रेरित हो सके। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। जन्मदिवस के दिन अल्मोड़ा नगर के पंत पार्क, जन्मस्थान ग्राम खूँट, रानीखेत और भाकुड़ा (स्याल्दे) में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। खूँट में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि खूँट गांव में एक भव्य ‘गोविन्द बल्लभ पंत द्वार’ का निर्माण किया जाए, जो उनके जन्मस्थान की पहचान बने। जिलाधिकारी ने नगर और आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर आने वाले अतिथियों और जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारी सुनिश्चित करें। बैठक में जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी चंद्र सिंह चौहान, जनमेजय तिवारी, ललित मोहन भट्ट आदि उपस्थित रहे।
धूमधाम से मनाई जाएगी पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती




